रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 10 एवं 13 मई को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में होने वाले आईपीएल मैच की तैयारियों का जायजा लिया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्टेडियम में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ऑनलाइन बुकिंग के बाद रायपुर पहुंचने वाले दर्शकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त वॉलिंटियर तैनात किया जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।
उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ सीएससीएस को निर्देशित किया कि शासन के सभी विभागों द्वारा तय एसओपी का पालन करते हुए आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करें। बता दें कि 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम मुंबई इंडियंस और 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के मध्य मैच खेला जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, प्रभारी रायपुर ग्रामीण एसपी मनीषा ठाकुर, एडीएम उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम अभिलाषा पैंकरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुंबई के खिलाड़ियों ने प्रैक्टिस में बहाया पसीना
राजधानी रायपुर में 10 मई को आईपीएल का रोमांच देखने को मिलेगा। Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। मैच से पहले मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी मैदान पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और तैयारियों को देखकर फैंस में मुकाबले को लेकर उत्साह बढ़ गया है। आईपीएल के इस बड़े मुकाबले को लेकर राजधानी में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त माहौल बना हुआ है। स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
