
रायपुर में कटोरा लेकर सड़क पर उतरे जल जीवन मिशन के ठेकेदार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों के लंबित भुगतान को लेकर ठेकेदारों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन के बैनर तले ठेकेदारों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए हाथों में कटोरा लेकर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने लंबित भुगतान जारी करने की मांग उठाते हुए सवाल किया कि हजारों करोड़ रुपये के बकाया भुगतान का आखिर क्या हुआ?
ठेकेदारों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत सिंगल विलेज, मल्टी विलेज, रेट्रोफिटिंग, सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजनाओं और नलकूप खनन सहित विभिन्न कार्यों में उनकी पूंजी लगी हुई है। एसोसिएशन के अनुसार, प्रदेश के करीब दो हजार ठेकेदारों का भुगतान पिछले तीन वर्षों से लंबित है।
कर्ज और ब्याज के बोझ से बढ़ी परेशानी
भुगतान नहीं होने से ठेकेदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। निर्माण कार्यों में लगी पूंजी वापस नहीं मिलने के कारण बैंक ऋण की किस्तें चुकाने, मजदूरों को भुगतान करने और निर्माण सामग्री के सप्लायरों का बकाया देने में परेशानी आ रही है। ठेकेदारों का आरोप है कि कई बार मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
केंद्र और राज्य के बीच समन्वय का मुद्दा
एसोसिएशन ने भुगतान में देरी के पीछे केंद्र और राज्य की वित्तीय प्रक्रिया तथा विभागीय समन्वय की कमी को जिम्मेदार बताया है। ठेकेदारों ने लंबित राशि का भुगतान जल्द जारी करने की मांग की है।
——————————
त्योहारी सीजन पर यात्रियों को मिलेगी राहत, 7 पैसेंजर ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच

रायपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल ने विशेष तैयारियां की हैं. यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए बिहार की ओर जाने वाली 3 प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी बदलाव किया गया है. वहीं 7 पैसेंजर ट्रेनों में 2-2 अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे.
बिहार जाने वाली 3 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव
रेलवे के अनुसार, 4 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक बिहार की ओर जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनें रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से रवाना होंगी. इसमें 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस और 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस शामिल है.
इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्री गुढ़ियारी साइड के प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंच सकेंगे. रेल प्रशासन ने यात्रियों से निर्धारित अवधि में ट्रेन के प्रस्थान से पहले प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंचने की अपील की है.
7 पैसेंजर ट्रेनों में लगेंगे 2-2 अतिरिक्त कोच
त्योहारी सीजन में यात्रियों को अधिक जगह उपलब्ध कराने के लिए 5 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक सात पैसेंजर ट्रेनों में अस्थायी रूप से दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे. रेलवे के इस फैसले छोटे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी.
58201 बिलासपुर-रायपुर पैसेंजर
58202 रायपुर-बिलासपुर पैसेंजर
58207 रायपुर-जूनागढ़ रोड पैसेंजर
58208 जूनागढ़ रोड-रायपुर पैसेंजर
58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर
58205 रायपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) पैसेंजर
58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)-रायपुर पैसेंजर
………………….
नशे के सौदागरों पर शिकंजा, 9 महीनों में पकड़ाया 50 करोड़ का गांजा, 501 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद. छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. पिछले डेढ़ साल में प्रदेशभर में पुलिस ने 970 मामलों में करीब 32 टन गांजा जब्त कर 1,975 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में महासमुंद पुलिस ने प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है. ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने महज 9 महीने में करीब 50 करोड़ रुपये कीमत का 10 हजार किलो गांजा जब्त किया है. इस दौरान 177 मामलों में 501 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. खास बात यह है कि पुलिस अब केवल तस्करों और परिवहनकर्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर कार्रवाई कर रही है.
177 केस में 501 आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 से 18 अक्टूबर 2026 तक ऑपरेशन निश्चय के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. इस दौरान 177 प्रकरण दर्ज कर 501 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 70 फरार आरोपियों की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपियों में 289 परिवहनकर्ता शामिल हैं.
पुलिस ने एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन के तहत बैकवर्ड लिंकेज में 145 आरोपियों को ओडिशा से गिरफ्तार किया, जबकि फॉरवर्ड लिंकेज में 67 आरोपियों को पकड़ा गया है. गिरफ्तार आरोपियों में सबसे ज्यादा 162 ओडिशा, 138 छत्तीसगढ़, 103 महाराष्ट्र, 73 मध्यप्रदेश और 54 उत्तर प्रदेश के निवासी हैं.
ओडिशा से अलग-अलग राज्यों में पहुंचाई जा रही खेप
जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से लाई जा रही थी और महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा तक पहुंचाई जा रही थी. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए करीब 10 करोड़ रुपये कीमत के वाहन भी जब्त किए हैं. इनमें बस, ट्रक, पिकअप, एंबुलेंस और कोरियर सर्विस के वाहन शामिल हैं. तस्कर पुलिस से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे थे. कभी फलों के नीचे, कभी कंटेनर के चेंबर में, तो कभी एंबुलेंस, सब्जी वाहनों और पैकर्स एंड मूवर्स के सामान के बीच गांजे की खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी. पुलिस ने इन तरीकों का खुलासा करते हुए तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई की है.
महासमुंद पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. अब पुलिस की नजर तस्करों की चल और अचल संपत्तियों पर भी है. अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
———————-
ब्रेनवॉश कर धर्मांतरण कराने का आरोप: हिंदू जागरण मंच ने SDM कार्यालय के बाहर दिया धरना

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में आज धर्मांतरण के आरोप को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने SDM कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि खुलेआम प्रार्थना सभाएं हो रही हैं और ब्रेनवॉश कर धर्मांतरण किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन की ओर से एक्शन नहीं लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
थाने पहुंचा दंपति
दरअसल, मामला बोरिद खुर्द गांव का है। गांव के एक दंपति आज कोतवाली थाना पहुंचे। परिवार का आरोप है कि 2018 में डीकेश साहू से शादी करने वाली निर्मला साहू शादी के तीन साल बाद बिना बताए प्रार्थना सभाओं में जाने लगीं। परिवार ने मना किया तो महिला ने हिंदू रीति रिवाजों को मानने से साफ इनकार कर दिया।
ईसाई धर्म नहीं छोडुंगी, चाहे परिवार छोड़ना पड़े…
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को महिला परिवार को बिना जानकारी दिए चंगाई सभा में चली गईं। पति ने पीछा किया, तो महिला प्रार्थना सभा में मिलीं। इसके बाद परिजन उसे पकड़कर थाने ले आए। थाने में महिला ने साफ कह दिया कि वह ईसाई धर्म नहीं छोड़ेगी चाहे परिवार छोड़ना पड़े।
जल्द एक्शन नहीं लेने पर आंदोलन की चेतावनी
इस घटना के बाद हिंदू जागरण मंच में आक्रोश फैल गया और कार्यकर्ता SDM कार्यालय के पास धरने पर बैठ गए। हिंदू जागरण मंच का गंभीर आरोप है कि हिंदू लोगों का ब्रेनवॉश कर धर्मांतरण कराया जा रहा है और नए कानून के बावजूद सभाओं पर रोक नहीं लग रही। मंच ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द एक्शन नहीं लिया, तो इससे भी उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
आवेदन के बाद होगी कार्रवाई- SDM
वहीं महिला के परिवार का कहना है कि महिला को तभी घर ले जाया जाएगा जब वह हिंदू रीति रिवाज से रहेगी, नहीं तो महिला को प्रार्थना सभा में ही छोड़ दिया जाएगा। बहरहाल SDM का कहना है अभी फिलहाल लिखित में कोई आवेदन नहीं आई है। आवेदन आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाने की बात कही है।
———————–
ओडिशा से मथुरा जा रहा था गांजा, छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थ के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में गांजा तस्करी पर शिकंजा कसा गया है। नगरनार पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के मथुरा जा रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर दो लोग उत्तर प्रदेश के मथुरा की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर नगरनार पुलिस ने धनपुंजी आरटीओ नाका के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध पति-पत्नी को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी में उनके बैग से गांजे के चार पैकेट बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 किलो 500 ग्राम गांजे के अलावा नगदी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद गांजे की कुल कीमत करीब 4 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
मथुरा के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र दास और उसकी पत्नी संचिता दास के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के मथुरा के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।




