छत्तीसगढ़
Trending

देश-प्रदेश की पांच बड़ी खबरें

एक ही दिन में दो चीतलों की मौत, वन विभाग ने पोस्टमार्टम के बाद किया अंतिम संस्कार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक ही दिन में दो चीतलों की मौत हो गई। रविवार सुबह कुत्तों के हमले में मादा चीतल ने दम तोड़ दिया, तो वहीं शाम होते-होते जलाशय से एक नर चीतल का शव बरामद किया गया। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने दोनों का पोस्टमार्टम कराया और फिर अंतिम संस्कार करवाया।

कुत्तों के हमले में मादा चीतल की मौत
पहली घटना दल्लीराजहरा नगर क्षेत्र का है, जहां रविवार की सुबह बीएसपी हॉस्पिटल के पास एक 2 वर्ष की मादा गर्भवती चीतल कुत्तों के हमले से घायल हो गई थी।
दल्लीराजहरा वन विभाग की टीम ने इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया गया था, जहां ईलाज के पहले ही गर्भवती मादा चीतल ने दम तोड़ दिया था ।इसके बाद चीतल का पोस्टमार्टम करवाया गया और फिर अंतिम संस्कार कराया गया था।

वहीं दूसरा मामला डौंडीलोहारा वन परिक्षेत्र का है, रविवार की शाम को गैंजी गांव के पास गोंदीली जलाशय में एक नर चितल की पानी मे तैरती लाश मिली। इसके बाद मछुवारों ने इसकी जानकारी वन विभाग की टीम को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नर चितल को कब्जे में लेकर उसका सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद इसका अंतिम संस्कार करवाया गया।

——————–

खाद के लिए भटकते रहे किसान, खाते में चढ़ गया हजारों का कर्ज, लैम्स प्रबंधक को हटाने हुए लामबंद

जगदलपुर. बस्तर में पहले बाढ़ और चक्रवाती तूफान ने किसानों की मुश्किलें बढ़ाईं, अब सरकारी खाद वितरण में कथित गड़बड़ी को लेकर किसान परेशान हैं. मामला बकावंड ब्लॉक के कचनार लैम्स का है, जहां किसानों ने प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है.

किसानों का आरोप है कि उन्हें खाद के लिए लैम्स के चक्कर कटवाए गए, लेकिन उनके नाम पर खाद जारी कर बाहर ऊंचे दामों में बेच दिया गया. इतना ही नहीं, एक किसान के फर्जी हस्ताक्षर कर उसके खाते में 11 हजार 359 रुपये का कर्ज भी चढ़ा दिया गया. मामला सामने आने के बाद राशि तो किसान के खाते में वापस जमा कर दी गई, लेकिन अब किसान सिर्फ पैसे की वापसी नहीं, बल्कि जिम्मेदारों पर कार्रवाई और लैम्स प्रबंधक को हटाने की मांग कर रहे हैं.

किसान कई महीनों तक सरकारी खाद लेने के लिए कचनार लैम्स के चक्कर लगाते रहे, लेकिन हर बार खाद का स्टॉक खत्म होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया गया. खेती का समय निकलता देख उन्होंने मजबूरी में बाजार से महंगे दामों पर यूरिया, डीएपी और पोटाश खरीदा. लेकिन जब उन्होंने अपने बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि उनके नाम पर लैम्स से 11 हजार 359 रुपये का खाद खरीदना दर्ज है. यहां तक कि सरकारी रसीद पर उनके फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए थे. किसान ने इसे उनके हक के खाद की कथित कालाबाजारी बताते हुए बस्तर थाने में शिकायत दर्ज कराई है और एफआईआर की मांग की है.

मामला सामने आने के बाद लैम्स प्रबंधन ने आनन-फानन में किसान के लोन खाते में 11 हजार 359 रुपये वापस जमा करा दिए. लेकिन किसानों का कहना है कि यह समस्या सिर्फ एक किसान तक सीमित नहीं है. कचनार और आसपास के कई किसानों ने इसी तरह की गड़बड़ियों की शिकायत की है. कुछ किसानों को खाद खरीदने के महीनों बाद भी उसकी पावती नहीं मिली है, तो कुछ किसानों ने पिछले साल धान बेचने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने का आरोप लगाया है.

———————–

युवक की संदिग्ध मौत: जंगल में फांसी पर लटकी मिली लाश

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक की लाश संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।

जंगल में फांसी पर लटकी मिली लाश
यह पूरा मामला बड़ांजी थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान पलवा नवागांव निवासी करन के रूप में हुई है। आज उसकी लाश टांडपाल के जंगल में संदिग्ध हालत में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी मिली, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना के बाद मौके पर पहुंची बड़ांजी पुलिस और फॉरेंसिक की टीम पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और साथ ही सभी पहलुओं से मामले की जांच शुरु कर दी है।

————————–

रेल पटरी के पास मिला मगरमच्छ का बच्चा, इलाके में दहशत

कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र के प्रेम नगर वार्ड 65 भैरोताल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खोलार नाले से लगे रेलवे पटरियों के पास मगरमच्छ का बच्चा देखा गया. मगरमच्छ के बच्चे को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.
सूचना मिलते ही क्षेत्र के पार्षद प्रेम साहू मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से साहस दिखाते हुए मगरमच्छ के बच्चे को बोरे में बंद कर वन विभाग को सूचना दी. पार्षद ने बताया कि इससे पहले भी एक मगरमच्छ रेल पटरी पर कटा हुआ मिला था. आशंका है कि बड़ा मगरमच्छ भी आसपास ही मौजूद है.

बताया जा रहा है कि खोलार नाला हसदेव नदी से जुड़ा है, जहां से मगरमच्छ रिहायशी इलाके तक आ जाते हैं. कुछ दिन पूर्व भी एक मगरमच्छ मृत मिला था. लगातार मगरमच्छ मिलने से लोगों में डर का माहौल है. वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है. पार्षद ने लोगों से नाले-नदी में न जाने की अपील की है.

———

एक ही रात में दो हादसों से थर्राया मुड़ापार, पार्षद बोले- अब होगा आंदोलन

 

कोरबा। एक रात में दो हादसों से कोरबा का मुड़ापार थर्रा गया. ट्रेलरों की टक्कर से सड़क पर लंबा जमा लग गया. आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से होने वाली परेशानी को देखते हुए स्थानीय पार्षद ने व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.
मुड़ापार मुख्य मार्ग पर एक ही रात में दो बड़े हादसों से हड़कंप मच गया. पहला हादसा रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर भीड़ लग गई. सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया.
दूसरा हादसा मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास हुआ जहां दो ट्रेलर आपस में भिड़ गए. हादसे के बाद दोनों चालकों में विवाद और मारपीट हो गई. दोनों ट्रक सड़क पर ही क्षतिग्रस्त खड़े रहे, जिससे रात से सुबह तक जाम लगा रहा. स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोग परेशान होते रहे.
लगातार घट रही घटनाओं को देखते हुए स्थानीय पार्षद गोपाल कुर्रे ने कहा कि भारी वाहनों पर प्रतिबंध की मांग कई बार की गई, पत्राचार भी हुआ, लेकिन सुनवाई नहीं हुई. नो एंट्री में भी ट्रक घुस रहे हैं. अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनता आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button