छत्तीसगढ़
Trending

देश-प्रदेश की पांच बड़ी खबरें

अर्नब का असर कम, अब चढ़ेगा तापमान, आज कुछ जिलों में बारिश के आसार

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तूफान ‘अर्नब’ का असर कम हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। पिछले 24 घंटे में ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई।

खेतों में पानी भरने और नमी से धान के दाने काले पड़ने, सड़ने और अंकुरित होने का खतरा है। किसानों ने फसल का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है।

दो जगहों पर बना लो प्रेशर एरिया

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे मध्यप्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके कारण प्रदेश में बारिश हो रही है।

इसके अलावा दक्षिणी अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार के पास भी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।

आज बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। अगले दो दिनों के बाद भी कुछ जगहों पर बिजली गिरने की आशंका है।

————–

सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर वाहन ने मजदूरों को कुचला, 2 की मौत

रायपुर। सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर डिवाइडर की पेंटिंग कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान कपिल सैनी (24) और पिंटू माली (45) की मौत हो गई।

तीसरे मजदूर थनवा का डीकेएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी कपिल सैनी उर्फ गोलू, पिंटू माली और थनवा समेत अन्य मजदूर 28 अक्टूबर की सुबह सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के उतरने वाले हिस्से में डिवाइडर पर पेंटिंग कर रहे थे। मजदूरों की सुरक्षा के लिए सड़क पर स्टॉपर लगाए गए थे।

इसी दौरान आरंग की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने स्टॉपर को टक्कर मार दी और सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान कपिल और पिंटू ने दम तोड़ दिया, जबकि थनवा का इलाज जारी है।

—————-

NH-43 पर ट्रेलर ने स्कूटी सवार कारोबारी को कुचला

अंबिकापुर. अंबिकापुर-रायगढ़ रोड में सीतापुर के सेंट्रल बैंक के पास शुक्रवार शाम भीषण सड़क हादसा हुआ. ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान त्रिलोक चंद गोयल (70 साल) के रूप में हुई है.

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल बैंक के पास कारोबारी की उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौत हो गई. त्रिलोक चंद गोयल निहारिका स्टोर्स नाम से थोक किराना दुकान के संचालक थे. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

ऑटो से अस्पताल पहुंचाया शव

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दर्दनाक हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक सड़क पर शव पड़ा रहा. मौके पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शव को स्ट्रेचर के सहारे उठाया और लगभग 100 मीटर दूर तक लेकर गए. जहां ऑटो से शव को अस्पताल पहुंचाया गया.

सड़क की जर्जर हालत से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां सड़क का बुरा हाल हो रखा है. बारिश ने इसकी हालात और खराब हो गई है. इस सड़क के निर्माण के लिए एक दिन पहले ही भूमिपूजन किया गया था. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

————

पैंगोलिन तस्करी का खुलासा, खाल के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सालखपरी यानी पैंगोलिन की तस्करी करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 14 किलो पैंगोलिन की खाल और शल्क बरामद किए गए हैं। वन विभाग की टीम अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पैंगोलिन की खाल और शल्क की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने गीदम थाना क्षेत्र के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के बाद जावंगा के पास दबिश देकर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

वाहन की तलाशी के दौरान स्टेपनी के पास छिपाकर रखी गई बोरी से करीब 14 किलो पैंगोलिन की खाल और शल्क बरामद हुए। वन विभाग के मुताबिक, बरामद शल्क करीब छह से सात पैंगोलिन के शिकार से जुटाए जाने की आशंका है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मण तेलाम, दीपक, मासा मूर्ति, हेमंत वासम, कुहरम भीमा और मासाराम मंडावी के रूप में हुई है। इनमें पांच आरोपी बीजापुर और एक आरोपी दंतेवाड़ा जिले का निवासी बताया गया है।

डीएफओ रंगनाथा राधाकृष्णा वाय और एसडीओ शिवेंद्र सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में गीदम रेंजर शिव टंडन, बचेली रेंजर डॉ. प्रीतेश पांडेय, डिप्टी रेंजर के. राजू और बीट गार्ड लक्ष्मी प्रसाद चालकी समेत वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। अब वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि पैंगोलिन का शिकार कहां किया गया था और बरामद शल्क एवं खाल को किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

—————–

चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: पायलट समेत छह की मौत

चमोली। उत्तराखंड में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खराब मौसम के बीच बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर हाथी पहाड़ के ऊपर चांई गांव और लामबगड़ के बीच जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। मृतकों के शवों को दुर्गम जंगल से सड़क तक लाने की कार्रवाई की जा रही है।

ज्योतिर्मठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया है।

बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में सवार तीर्थयात्री देश के प्रथम गांव माणा घूमने भी गए थे। इसके बाद सभी हेलीकॉप्टर से सहस्त्रधारा लौट रहे थे। इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

बता दें कि ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर से जुड़ी यह पहली दुर्घटना नहीं है। इससे पहले भी कंपनी के हेलीकॉप्टरों की केदारनाथ मंदिर के पास और सेरसी हेलीपैड के निकट सड़क पर क्रैश लैंडिंग हो चुकी है। वहीं, कुछ दिन पहले इसी कंपनी के एक हेलीकॉप्टर की टिहरी जिले के चंबा के पास आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी।

———

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button