छत्तीसगढ़

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नीट क्वालीफाई विद्यार्थियों के साथ साझा किया विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप

  1. रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित एक विशेष प्रेरक संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि दूरस्थ व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों का नीट जैसी कठिन परीक्षा में सफल होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में डॉक्टर का स्थान अत्यंत सम्मानजनक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे केवल कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, व्यवहारिक और मिलनसार डॉक्टर बनकर समाज व राष्ट्र की सेवा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में जारी पहलों का ब्योरा साझा किया। उन्होंने बताया कि युवाओं की अध्ययन सुविधाओं के लिए प्रदेशभर में 34 नए नालंदा परिसर निर्माणाधीन हैं, जहां 24 घंटे अध्ययन सामग्री उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, दिल्ली स्थित ट्रायबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीटें कर दी गई है। राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान में 15 शासकीय व निजी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं तथा 5 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे 250 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प से 31 मार्च 2026 को प्रदेश पूर्णतः नक्सलमुक्त हुआ है। इसके साथ ही बस्तर और सरगुजा अंचल में पर्यटन की अपार संभावनाएं विकसित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा विश्व के प्रमुख 20 पर्यटन स्थलों में बस्तर के धुड़मारास को स्थान मिला है तथा भोरमदेव मंदिर हेतु केंद्र सरकार की प्रसाद योजना में 168 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अंत में उन्होंने बताया कि जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 संचालित है तथा प्रशासनिक पारदर्शिता हेतु मुख्यमंत्री डैशबोर्ड भी विकसित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button