रायपुर। राजधानी के मोवा इलाके में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक बाउंसर ने घरेलू विवाद के चलते अपनी दो सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी की पहचान जितेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था।
बताया जा रहा है कि विवाद से नाराज पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके चली गई थी। मंगलवार रात आरोपी लाइसेंसी पिस्टल लेकर ससुराल पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। इस दौरान उसकी सालियां—गीतांजलि (26) और दुर्गेश्वरी (24)—ने उसे समझाने की कोशिश की, जिससे वह भड़क गया और फायरिंग कर दी।
फायरिंग में गीतांजलि के माथे पर गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गेश्वरी की पीठ में गोली लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि घर के बाहर आकर हवाई फायरिंग की और फिर खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल और खाली कारतूस बरामद कर लिए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था, जिसके कारण अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी ससुराल पक्ष के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते यह वारदात हुई है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
