
आपसी विवाद में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात

कांकेर। कांकेर शहर के महादेव वार्ड में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। चाकूबाजी की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है। आरोपी अनमोल और पीयूष के बीच आपसी विवाद को लेकर मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने के बाद अनमोल ने पीयूष पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल कांकेर में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने आरोपी अनमोल को गिरफ्तार कर लिया है।
चाकूबाजी की यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
…………………..
सावधान! दिवाली के लिए आपकी स्वादिष्ट मिठाईयां ऐसे हो रही तैयार

धमतरी. दिपावली त्यौहार से पहले खाद्य विभाग एक्शन मोड में आ गया है. धमतरी के दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की टीम औचक निरीक्षण किया. इस दौरान करीब 30 सैंपल कलेक्ट किए गए हैं, जिनकी जांच के लिए लैब भेजा गया है. जांच के दौरान कुछ जगहों पर गंदगी के बीच मिठाई और नमकीन तैयार होते मिले.
दरअसल, त्यौहारी सीजन में बाजार में नकली पनीर, खोवा और अन्य खाद्य सामग्री में जमकर मिलावट की शिकायतें सामने आती हैं. ऐसे में खाद्य विभाग ने दो दर्जन से ज्यादा प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक कार्रवाई की है. स्थानों से संदिग्ध लगने पर सैंपल लिए गए, जिसकी जांच के लिए भेजा गया है.
कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई के अभाव के बीच मिठाईयां और नमकीन तैयारी करते पाया गया. खाद्य विभाग की ओर से 4 संस्थानों को चेतावनी देते हुए लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है.
पिथौरा खाद्य अधिकारी फनेश्वर ने बताया कि लगभग 25 से 30 संस्थानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है. वहीं 4 संस्थानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने के कारण लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई है. त्यौहार के मद्देनजर यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी. उन्होंने यह भी बताया कि एक साल के भीतर विभाग ने तीन लाख 95 हजार का जुर्माना वसूला है.
खाद्य विभाग ने यह कार्रवाई ऐसे समय में की है, जब दिवाली के लिए बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है. कई लोग मिठाइयां खरीद चुके हैं, जबकि कुछ खरीदारी की तैयारी में हैं. वहीं जांच के लिए लिए गए नमूनों की लैब रिपोर्ट आने में अभी समय लगेगा. ऐसे में रिपोर्ट आने तक लोगों को मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय खुद ही सतर्क रहना होगा.
00000000000000000
मोतिहारी में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 लाख की चरस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

मोतिहारी। सुगौली में एसटीएफ नारकोटिक्स सेल और स्थानीय थाना की पुलिस ने थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह और अंचल पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार के नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने 1 किलो 970 ग्राम चरस जैसे मादक पदार्थ के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने दो मोबाइल और तीन नेपाली सिम भी बरामद किए हैं।
सूचना के आधार पर छापेमारी
सोमवार की रात एसटीएफ नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि रक्सौल से ट्रेन के रास्ते एक व्यक्ति सुगौली पहुंचने वाला है, जिसके पास मादक पदार्थ है। सूचना पर एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बंगरा ओवरब्रिज के नीचे वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी में उसके झोले से चार पैकेट में 1.970 किलो चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
एसडीपीओ सदर-1 दिलीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में चरस सप्लाई करने वाले सिंडिकेट के मुख्य सरगना के संबंध में अहम जानकारी मिली है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान:गुड्डू साह, हरपुर पूर्वी चंपारण, रामबालक बैठा सिकटा पश्चिम चंपारण, डोरा राय घोड़ासहन पूर्वी चंपारण है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
000000000000000000
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण, अब रायपुर में मिलेगी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को रायपुर के देवेंद्र नगर, पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। गुरुग्राम स्थित प्रतिष्ठित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के विस्तार के रूप में स्थापित यह नया सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और उन्नत उपचार सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा रायपुर नगर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह में आर्टेमिस हॉस्पिटल्स एवं अपोलो टायर्स लिमिटेड के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर, आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती तथा आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ चिकित्सक, अस्पताल के अधिकारी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ को मिलेगी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं
आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के मरीजों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां हृदय रोग, न्यूरोसाइंस, कैंसर उपचार, हड्डी एवं जोड़ रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, किडनी एवं यूरोलॉजी तथा क्रिटिकल केयर सहित विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, उच्च स्तरीय इमेजिंग एवं डायग्नोस्टिक सुविधाएं तथा 24 घंटे इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाओं की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 30 से अधिक चिकित्सा एवं सर्जिकल विशेषज्ञताओं के माध्यम से मरीजों को समग्र उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलेगी : चेयरमैन
आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर ने कहा कि आर्टेमिस की स्थापना के पीछे हमारा मूल उद्देश्य प्रत्येक मरीज को संवेदनशीलता के साथ विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा है। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के माध्यम से हम दिल्ली-एनसीआर से बाहर निकलकर मध्य भारत में अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहे हैं। केंद्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग के लिए हम आभारी हैं। छत्तीसगढ़ के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है।
अब मरीजों को उन्नत इलाज के बाहर नहीं जाना पड़ेगा : डॉ. देवलीना
आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती ने कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ के अनेक मरीजों को बेहतर और उन्नत इलाज के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करनी पड़ती थी। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के शुरू होने से मरीजों को आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों और विश्वस्तरीय चिकित्सा प्रक्रियाओं का लाभ अपने ही शहर में मिल सकेगा। हमारे लिए मरीज सर्वोपरि है और यही हमारी कार्यशैली का मूल आधार है।
अब रायपुर में मिलेगी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं : डायरेक्टर
आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल ने कहा कि यह रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। इस हॉस्पिटल की स्थापना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उनके अपने शहर में उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपने घर और परिवार से दूर न जाना पड़े। आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के अनुभव और विशेषज्ञता के साथ हम क्षेत्र में चिकित्सा गुणवत्ता, सुरक्षा और मरीजों की संतुष्टि के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
समारोह के दौरान अतिथियों ने रिबन काटकर अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया गया तथा लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया। इसके पश्चात अतिथियों ने अस्पताल की विभिन्न आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन भी किया।आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का शुभारंभ आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके साथ ही गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस समूह ने पहली बार दिल्ली-एनसीआर से बाहर अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया है। यह पहल छत्तीसगढ़ एवं मध्य भारत के लोगों को बेहतर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के बारे में जानिए
वर्ष 2007 में स्थापित गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स 750 से अधिक बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है। अपोलो टायर्स समूह द्वारा प्रोत्साहित यह संस्थान 40 से अधिक चिकित्सा विशेषज्ञताओं में उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है तथा जेसीआई (JCI) और एनएबीएच (NABH) से मान्यता प्राप्त है।
आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के बारे में जानिए
रायपुर के पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल 300 से अधिक बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है। यह गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स नेटवर्क का हिस्सा है। अस्पताल में 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 30 से अधिक चिकित्सा एवं सर्जिकल विशेषज्ञताओं के अंतर्गत आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ एवं मध्य भारत के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
000000000000000000000
दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल ट्रेन के द्वितीय फेरे के परिचालन तिथि एवं गाड़ी संख्या में बदलाव

रायपुर। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर रेल परिचालन के मद्देनजर दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल ट्रेन के दूसरे फेरे के परिचालन की तिथि एवं गाड़ी संख्या में बदलाव किया गया है।
गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन पूजा स्पेशल का परिचालन अब पूर्व निर्धारित तिथि 08 नवंबर 2026 (रविवार) के स्थान पर 05 नवंबर 2026 (गुरुवार) को 08753 नंबर के साथ किया जाएगा। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 08752 हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल का परिचालन अब पूर्व निर्धारित तिथि 09 नवंबर 2026 (सोमवार) के स्थान पर 06 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को 08754 नंबर के साथ किया जाएगा।




