छत्तीसगढ़

चलती बस में गूंजी किलकारी: कोरबा से पटना जा रही बस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म

कोरबा।छत्तीसगढ़ से बिहार जा रही एक यात्री बस में मानवता और साहस की मिसाल देखने को मिली। कोरबा से पटना जा रही बस में सफर के दौरान एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ऐसे में बस में मौजूद महिला यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। बाद में मां और नवजात को बलरामपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात तेज बारिश के बीच राजहंस बस कोरबा से पटना के लिए रवाना हुई थी। बस में सवार गर्भवती महिला अपने पति के साथ यात्रा कर रही थी। रात करीब 11 बजे अंबिकापुर पार करने के बाद अचानक उसे तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया।

इसके बाद बस में मौजूद महिला यात्री सुनती देवी सहित अन्य महिलाओं ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला की मदद की और सुरक्षित प्रसव कराया। नवजात के जन्म के बाद बस बलरामपुर पहुंची, जहां करीब आधे घंटे बाद मां और बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों के अनुसार, मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। बताया जा रहा है कि प्रसूता कोरबा की रहने वाली है और यह उसका पहला बच्चा है। घटना के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। नवजात के जन्म के बाद बस में खुशी का माहौल बन गया और कई यात्रियों ने परिवार को स्वेच्छा से आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button