अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

गाना बजाने के विवाद में युवक पर ब्लेड से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। इंद्रप्रस्थ फेस-2 सोसाइटी में रविवार देर रात गाना बजाने के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर के बेटे को 5 आरोपियों ने ब्लेड मार दिया। कान के पास चोट लगने से वो लहूलुहान हो गया।

सीसीटीवी कैमरे में मिले वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामला डीडी नगर थाना इलाके का है।
डीडी नगर पुलिस के अनुसार, इंद्रप्रस्थ फेस-2 सोसाइटी के डी-ब्लॉक स्थित फ्लैट में प्रॉपर्टी डीलर के बेटे सोजल थावरे और आर्यन थावरे रहते हैं। रविवार की शाम को उनके फ्लैट में तेज आवाज में गाना बज रहा था। इस दौरान रात 9 बजे दूसरे ब्लॉक में रहने वाले 4-5 लोग आए और उनके फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।

आरोपियों ने गालियां देते हुए गाना बंद करने के लिए कहा। प्रॉपर्टी डीलर के बेटों ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान ब्लेड से हमला किया। जान बचाने के लिए युवकों को 9वें माले पर छिपना पड़ा। पड़ोसी बाहर निकले तो आरोपी धमकी देते हुए भाग गए।

डीडी नगर पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है। वारदात के बाद सभी हमलावर फरार हो गए। पुलिस सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद पॉश सोसाइटी इंद्रप्रस्थ के रहवासियों में भारी दहशत का माहौल है।

डीडी नगर थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि, पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने कुबेर प्रसाद वर्मा, चंदन गुप्ता और विष्णु प्रसाद वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button