बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 15.1 ओवर में 5 विकेट पर 149 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया और अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
अंकतालिका में आरसीबी 5 मैचों में 8 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि राजस्थान रॉयल्स 8 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। पंजाब किंग्स 7 अंकों के साथ तीसरे और सनराइजर्स हैदराबाद 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस, एलएसजी और चेन्नई सुपर किंग्स क्रमशः पांचवें से आठवें स्थान पर हैं। मुंबई इंडियंस नौवें और कोलकाता नाइट राइडर्स दसवें स्थान पर है।
ऑरेंज कैप की दौड़ में विराट कोहली शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 5 मैचों में 228 रन बनाए हैं। हेनरिक क्लासेन 224 रन के साथ दूसरे, रजत पाटीदार 222 रन के साथ तीसरे और ईशान किशन 213 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं।
पर्पल कैप फिलहाल प्रसिद्ध कृष्णा के पास है, जिन्होंने 4 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। अंशुल कंबोज भी 10 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अन्य गेंदबाज भी करीबी प्रतिस्पर्धा में बने हुए हैं।
