अपराध और हादसा

प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर । छपौरा गांव के खेत में मिली अधजली लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में प्रेम प्रसंग को कारण बताते हुए पुलिस ने दो आरोपियों अर्जुन धुर्व और अजित उर्फ हरजित लहरे को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक ललित धीवर का अर्जुन धुर्व की बहन के साथ प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर आरोपी लंबे समय से रंजिश रखे हुए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने साजिश रचकर ललित की हत्या की योजना बनाई और उसे जयंती कार्यक्रम में शामिल होने के बहाने गांव के बाहर खेत में बुलाया। वहां शराब पिलाने के दौरान आरोपियों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव की पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से ललित के शव को जलाने की कोशिश की और उसे गांव के बाहर एक खेत में फेंक दिया। यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

उल्लेखनीय है कि 23 दिसंबर को छपौरा गांव के बाहर खेत में एक युवक का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। शव बुरी तरह झुलसा होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची थी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका थी कि हत्या कहीं और कर शव को खेत में लाकर जलाया गया है। अब पुलिस ने मृतक की पहचान ललित धीवर (उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष) के रूप में करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है और जल्द ही विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button