अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

जूस की बर्फ में मिला मरा मेंढक, कोरबा में हड़कंप

कोरबा। कोरबा शहर के घंटाघर चौपाटी क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जूस सेंटर में इस्तेमाल की जा रही बर्फ में मरा हुआ मेंढक मिला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

जानकारी के अनुसार, जूस तैयार करते समय दुकानदार ने जैसे ही बर्फ तोड़ी, उसमें मृत मेंढक दिखाई दिया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और कुछ ही देर में वहां भीड़ जुट गई। चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा भी मौके पर पहुंचे और बर्फ से मेंढक को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि दुकान में उपयोग की गई बर्फ स्थानीय बर्फ डिपो से लाई गई थी, जिसे अलग-अलग फैक्ट्रियों से खरीदा जाता है। इस घटना के बाद ग्राहकों ने खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही शहर की बर्फ फैक्ट्रियों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

इस घटना ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी लापरवाही स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button