छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, रविवार को भी कई संभागों में बरसेंगे बादल

रायपुर। बस्तर के ऊपर बने मौसम सिस्टम और सक्रिय मानसून द्रोणिका के असर से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। शनिवार को राजधानी समेत कई जिलों में रुक-रुककर पानी बरसा। मौसम विभाग ने रविवार को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान जताया है।

सोमवार के बाद थमेगी रफ्तार

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सक्रिय सिस्टम अब आगे बढ़ रहा है। ऐसे में सोमवार के बाद बारिश में कमी आने की संभावना है। हालांकि मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति में रहने से प्रदेश में वर्षा पूरी तरह बंद होने के आसार नहीं हैं।

धनोरा में 140 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटे में कोंडागांव के धनोरा में सबसे ज्यादा 140 मिमी वर्षा दर्ज हुई। बस्तर में 100 मिमी, जबकि माकड़ी, भानपुरी, अंबागढ़ चौकी और छुरा में 80-80 मिमी पानी गिरा। फरसगांव, मोहला, बालोद, चारामा, बस्तानार और गादीरास में करीब 70-70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रायपुर में शाम साढ़े पांच बजे तक करीब 2 सेमी वर्षा हुई।

सितंबर में अब तक 84 मिमी बारिश

सितंबर के 12 दिनों में प्रदेश में करीब 84 मिमी और रायपुर जिले में 97.6 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। वर्तमान सिस्टम का प्रभाव बस्तर में सबसे अधिक रहा, जबकि रायपुर और दुर्ग संभाग भी प्रभावित हुए।

पिछले साल सितंबर में रायपुर में 284 मिमी बारिश हुई थी। इस बार भी आंकड़ा इसके आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button