
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। इससे पहले प्रदेश में एक बार फिर जोरदार बारिश के संकेेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार छत्तीसगढ़ में भी पश्चिम विक्षोभ का असर दिखेगा, जिसके प्रभाव से अगले चार दिनों तक मूसलाधार बारिश के आसार है। बता दें कि 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां बन रही है। लेकिन इस बार मानसून ट्रफ के सक्रिय रहने एवं पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव के चलते मानसून की विदाई में विलंब हुआ है।
रात मेें बूंदाबांदी, फिर भी पारा 33 डिग्री पार
बीती रात राजधानी में बूंदाबांदी हुई। इसके बावजूद सोमवार को पारा 33 डिग्री को पार कर गया। इससे उमस बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रायपुर में भी एक से दो बार बारिश हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून चला-चली की बेला में है। हालांकि पिछले दो दिनों में प्रदेश के कई स्थानों पर भारी बारिश हुई है।




