एक्सीडेंटल फायर से डीआरजी जवान की मौत, ऑपरेशन से लौटते समय हादसा

नारायणपुर। एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन से लौटते समय हुए एक्सीडेंटल फायर में डीआरजी के एक जवान की मौत हो गई। यह घटना थाना छोटेडोंगर क्षेत्र अंतर्गत कैंप कड़ेनार में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायणपुर डीआरजी में पदस्थ आरक्षक बलदेव सिंह हुर्रा ऑपरेशन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक्सीडेंटल फायर की घटना हुई, जिसमें उन्हें सिर के पास गोली लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद साथी जवानों द्वारा उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए धौड़ाई अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम एवं अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जवान की मौत से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है।




