अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

भाई-परिजनों ने रची रिटायर्ड लेखापाल की हत्या की साजिश, 15 आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। जिले में सेवानिवृत्त लेखापाल दामोदर सिंह राजपूत की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का मास्टरमाइंड मृतक का सगा भाई और परिजन ही निकले, जिन्होंने करोड़ों की संपत्ति हड़पने के लिए सुपारी देकर हत्या करवाई। मामले में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, लालपुर थाना क्षेत्र से लापता दामोदर सिंह की तलाश के दौरान सीसीटीवी फुटेज और ‘त्रिनयन एप’ की मदद से संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले दामोदर और उसके बेटे के बीच विवाद का फायदा उठाया और उन्हें बेटे से जान का खतरा बताकर संपत्ति अपने नाम करवा ली। इसके लिए फर्जी दस्तावेज भी तैयार किए गए।

घटना के दिन आरोपियों ने सुनसान रास्ते में दामोदर सिंह को रोककर गला घोंट दिया और हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूसरे जिले के जंगल में दफना दिया गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का मोबाइल प्रयागराज ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया गया, ताकि यह लगे कि वह साधु बन गया है।

पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि 4 नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले में प्रयुक्त वाहन और नगदी भी जब्त की गई है। आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button