छत्तीसगढ़

न्यू ईयर ईव से पहले बड़ी कार्रवाई: एमडी ड्रग्स सप्लाई करने तस्कर गिरफ्तार

रायपुर । न्यू ईयर ईव के मद्देनजर शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने वाले दुर्ग निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 दिसंबर को सूचना मिली थी कि थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिद्धार्थ चौक स्थित नरैय्या तालाब के पास एक युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर खड़ा है और उसे खपाने की फिराक में है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए हुलिये के व्यक्ति को मौके से पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अब्दुल करीम उर्फ समीर, उम्र 26 वर्ष, निवासी पाटन जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 04 ग्राम 790 मिलीग्राम एमडी ड्रग्स एवं 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये आंकी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नव वर्ष के दौरान आउटर क्षेत्र के फार्म हाउसों एवं क्लबों में आयोजित होने वाली पार्टियों के लिए एमडी ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था। रायपुर में नशे के विरुद्ध बढ़ती सख्ती को देखते हुए वह दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र से ड्रग्स की आपूर्ति कर रहा था।

आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 357/25, धारा 21(ए) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान दुर्ग एवं रायपुर के कुछ ग्राहकों और सप्लायरों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के अंतर्गत की गई है। अभियान के तहत अब तक नारकोटिक्स एक्ट के 94 प्रकरणों में 217 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 3 करोड़ 85 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के नेटवर्क के खिलाफ एंड टू एंड कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर संलिप्त पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी:
अब्दुल करीम उर्फ समीर
पिता – मोह. रशीद
उम्र – 26 वर्ष
निवासी – भाटापारा, मंच वाली गली, पाटन
थाना – पाटन, जिला दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button