प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत कोरबा के पोड़ीबहार निवासी सुरेश सिंह ने अपने घर पर 6 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया। केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी से उन्हें बिजली बिल में बड़ी राहत मिली और अब उनका बिजली बिल क्रेडिट (माइनस) में आ रहा है।
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना देशभर में स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और बिजली खर्च में कमी की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे हजारों परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर आर्थिक बचत के साथ हरित भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
इसी क्रम में कोरबा शहर के पोड़ीबहार निवासी सुरेश सिंह इस योजना के लाभार्थियों में शामिल हैं। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने घर की छत पर पहले 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया। बेहतर परिणाम मिलने के बाद उन्होंने अतिरिक्त 3 किलोवाट का एक और संयंत्र लगवाया। वर्तमान में उनके घर पर कुल 6 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम संचालित हो रहा है।
सुरेश सिंह ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। अब उनका बिजली बिल माइनस (क्रेडिट) में आने लगा है और पिछले छह महीनों से उन्हें बिजली बिल से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब न केवल बिजली खर्च में बचत हो रही है, बल्कि अतिरिक्त उत्पादित बिजली का भी लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी गई सब्सिडी के कारण सोलर संयंत्र की स्थापना आसान और किफायती हो सकी। उनके अनुसार यह योजना केवल बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
सुरेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने लोगों से भी इस योजना का लाभ उठाकर ऊर्जा आत्मनिर्भर बनने और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
