
दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत: मंदिर से बाहर निकलते ही ट्रक ने कुचला

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां बंजारी मंदिर में दर्शन कर बाहर निकली महिला को ट्रक ने रौंद दिया। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं ट्रक को छोड़कर चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
जानिए कब और कैसे हुई घटना
यह हादसा खमतराई थाना क्षेत्र में हुई है। मृतका की पहचान 60 वर्षीय अघनिया बाई निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आज वह अपनी बेटी, दामाद, नाती और नातिन के साथ बंजारी मंदिर में दर्शन करने आई थी।
मंदिर से बाहर आते ही ट्रक से रौंदा
बंजारी मंदिर से जब सभी दर्शन कर बाहर निकले, तो ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में अघनिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के बाकी सदस्य बाल-बाल बच गए।
फरार चालक की तलाश में पुलिस
वहीं घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी के साथ ही ट्रक को जब्त कर लिया और चालक की तलाश शुरु कर दी है।
……………….
राजमिस्त्री की संदिग्ध मौत: घर के आंगन में मिली लाश

अंबिकापुर। सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक राजमिस्त्री की लाश खून से लथपथ मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी।
जानिए पूरी घटना
यह पूरा मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान अंगत चौधरी पिता घूर साय उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है, जो कि रजपुरी कला गांव के टिकरापारा का रहने वाला था और पेशे से राजमिस्त्री था। बताया जा रहा है कि अंगत घर में अकेले रहता था।
घर के आंगन में मिली लाश
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह 8 बजे उसकी लाश खून से लथपथ हालत में उसके ही घर के आंगन में मिली। इतना ही नहीं पूरे कमरे में खून के छिटे और सामान बिखरे मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पूरे मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
………………
तेज रफ्तार कार ने स्कूटी और बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत

कांकेर। कांकेर शहर से पंडरीपानी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी पुल के पास एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कार इंडिका विस्टा (क्रमांक CG19 C0426) ने स्कूटी और बाइक को टक्कर मारी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। वहीं फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
…………………….
चलती बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में यात्रियों से भरी एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुपर आनंद कंपनी की बस राजनांदगांव से बालोद की ओर आ रही थी। इसी दौरान मालीघोरी गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में करीब 10 से 15 यात्री सवार थे। बस में आग की लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, यात्रियों ने समझदारी दिखाते हुए तत्काल बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।
आग बुझाने का प्रयास रहा नाकाम
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि लोगों के आग बुझाने के प्रयास सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। फिलहाल बस में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बालोद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
…………………
रायपुर में आज शाम जलापूर्ति रहेगी प्रभावित, इन इलाकों में नहीं मिलेगा पर्याप्त पानी

रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार 3 नवंबर को शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहने वाली है। तेलीबांधा गुरुद्वारा के पास 700 एमएम व्यास की डीआईए राइजिंग पाइपलाइन में सुधार कार्य किया जा रहा है। इसके चलते 80 एमएलडी पुराने फिल्टर प्लांट से भरने वाली पानी की टंकियों से होने वाली जलापूर्ति प्रभावित होगी।
इस कार्य के कारण राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा और शंकर नगर क्षेत्रों में संध्याकालीन जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। वहीं खमतराई और भनपुरी पुरानी टंकी से होने वाली जलापूर्ति भी आंशिक रूप से प्रभावित होने की संभावना है।
पाइपलाइन में सुधार कार्य के चलते संबंधित क्षेत्रों के रहवासियों को शाम के समय पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार पहले से पानी का पर्याप्त इंतजाम कर लें।




