छत्तीसगढ़देश दुनियां

स्वास्थ्य अधोसंरचना को मिलेगी नई गति, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों की समीक्षा की

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में रायपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट, सिकल सेल इंस्टीट्यूट, छात्रावास और आवासीय भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

रायपुर। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट, नवीन सिकल सेल इंस्टीट्यूट, बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल तथा स्टाफ रेजिडेंशियल बिल्डिंग जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई। इन परियोजनाओं को प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

बैठक में आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया ताकि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जा सकें और आम नागरिकों को जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और परियोजनाओं को तय समय के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button