छत्तीसगढ़

अबुझमाड़ में तेन्दूपत्ता संग्रहण की नई पहल से बदली तस्वीर, 22 गांवों के 365 संग्राहकों को मिला सीधा आर्थिक लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की नई तेन्दूपत्ता संग्रहण नीति ने अबुझमाड़ के दूरस्थ गांवों में रहने वाले आदिवासी परिवारों के लिए राहत और रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं। वर्ष 2026 में पहली बार असीमांकित क्षेत्रों में नए तेन्दूपत्ता फड़ खोले गए, जिससे ग्रामीणों को अपने गांव के समीप ही तेन्दूपत्ता बेचने की सुविधा मिलने लगी है।

पहले ग्रामीणों को तेन्दूपत्ता बेचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय, श्रम और अतिरिक्त खर्च होता था। अब गांव के पास फड़ खुलने से यह परेशानी दूर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस व्यवस्था से उनकी आय बढ़ी है और संग्रहण कार्य पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो गया है।

राज्य शासन ने वर्ष 2026 के लिए तेन्दूपत्ता की दर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा निर्धारित की है। बेहतर समर्थन मूल्य मिलने से ग्रामीणों में संग्रहण के प्रति उत्साह बढ़ा। ग्रामीणों की मांग पर वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार अबुझमाड़ क्षेत्र में नए फड़ खोलने की प्रक्रिया तेज की गई। वन विभाग ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ से अनुमति प्राप्त करने के बाद संग्रहण कार्य शुरू कराया।

इस पहल के तहत कलमानार, ओकपाड़, कुतुल, निरामेटा, कोडकानार, कानागांव, कच्चापाल, टेकानार, बांहकेर और रायनार में कुल 10 नए तेन्दूपत्ता फड़ स्थापित किए गए। इन फड़ों के माध्यम से 22 गांवों के 365 संग्राहकों ने 161.254 मानक बोरा तेन्दूपत्ता का संग्रहण किया।

संग्राहकों को तेन्दूपत्ता संग्रहण के बदले 8 लाख 86 हजार 897 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई। समय पर और पारदर्शी भुगतान मिलने से ग्रामीणों का शासन पर विश्वास भी मजबूत हुआ है।

इस योजना से कलमानार, पिड़का, ब्रेहबेड़ा, कंदाड़ी, किशकाल, ओकपाड़, कुतुल, आलबेड़ा, निरामेटा, कोडकानार, कानागांव, कच्चापाल, ताड़ोकुर, टेकानार, नयापारा, मकसोली, हिकपुला, बांहकेर, झोरीगांव, रेंगाबेड़ा, कोकोड़ी और रायनार सहित कुल 22 गांवों के ग्रामीण लाभान्वित हुए हैं।

राज्य सरकार का कहना है कि यह पहल केवल तेन्दूपत्ता संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी और ग्रामीण परिवारों को स्थानीय रोजगार, बेहतर आय और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अबुझमाड़ के ग्रामीणों के लिए यह योजना आत्मनिर्भरता और विकास की नई उम्मीद बनकर सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button