छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर जारी: कई जिलों में भारी वर्षा, 8 जुलाई से कम हो सकती है बारिश की रफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और आषाढ़ लगने के साथ ही प्रदेशभर में झमाझम बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने सोमवार (7 जुलाई) को मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 8 जुलाई के बाद प्रदेशभर में बारिश की तीव्रता में कमी आने के संकेत दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और ओडिशा के पास बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) का असर छत्तीसगढ़ पर बना हुआ है। इसके चलते बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बलौदा बाजार में सबसे अधिक 20 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा राजिम में 18 सेंटीमीटर, लवन में 17 सेंटीमीटर, गिधौरी, टुंड्रा और भाटापारा में 16-16 सेंटीमीटर, जबकि बलौदा, गोबरा नवापारा और बिलाईगढ़ में 15-15 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रायपुर, पिथौरा, रायगढ़, सरायपाली, बसना, धमतरी, बिलासपुर, जांजगीर, मुंगेली, सक्ती समेत कई जिलों और तहसीलों में भी अच्छी वर्षा हुई।

राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है। वहीं 8 जुलाई के बाद मानसूनी गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button