अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख की ठगी, युवक ने दी जान

बिलासपुर। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है।

ग्राम हिरी निवासी रमेश साहू ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करते हुए बताया कि अप्रैल 2025 में भवानी वैष्णव ने उनके बेटे राहुल साहू को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के मेस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।

इसके बदले आरोपित दंपत्ति ने पांच लाख रुपये लिए, जिसके लिए परिवार को अपनी जमीन तक गिरवी रखनी पड़ी।

पीड़ित परिवार के अनुसार, छह महीने में नौकरी दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी नियुक्ति नहीं हुई। जब पैसे वापस मांगे गए तो आरोपित भवानी वैष्णव और उसकी पत्नी अम्बिका वैष्णव ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और राहुल को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने लगे।

लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर राहुल ने घर की बाड़ी में कीटनाशक पी लिया। गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में परिजनों ने आरोपित दंपत्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button