रायपुर । अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने रायपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से अवैध शराब जब्त की है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई सचिव सह आबकारी आयुक्त आर. संगीता, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश तथा प्रभारी उपायुक्त आबकारी राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 09, गांधी वार्ड पुरानी बस्ती थाना तिल्दा निवासी नंदकुमार धृतलहरे पिता ठाकुरराम धृतलहरे के निवास पर दबिश दी गई, जहां से 42 पाव देशी मदिरा मसाला (शोले) अवैध रूप से बरामद की गई।
वहीं ग्राम बुड़ेनी थाना खरोरा निवासी प्रकाश पारधी पिता खेलन पारधी के घर से 44 पाव देशी मदिरा मसाला (सवा शेरा) जब्त की गई। इस तरह कुल 15.48 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा जब्त की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
इसी क्रम में तिल्दा-खरोरा क्षेत्र में ओवररेटिंग की शिकायत पर शासकीय मदिरा दुकान टंडवा की जांच की गई।
जांच में निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर शराब बेचते पाए जाने पर विक्रेता करण रात्रे के खिलाफ धारा 39(ग) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे तत्काल सेवा से पृथक कर दिया गया।
आबकारी विभाग ने आम जनता से अवैध मदिरा और ओवररेटिंग की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
