
रायपुर। रामनगर स्थित लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में 29-30 सितंबर की दरम्यानी रात हुई सोने-चांदी के जेवरों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बर्फ फैक्ट्री चलाते थे। कारोबार में नुकसान और बिजली बिल समेत अन्य देनदारियों के कारण उन पर करीब 60 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने ज्वेलर्स में चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों को उम्मीद थी कि चोरी किए गए जेवरों को बेचकर वे कर्ज का बड़ा हिस्सा चुका देंगे। लेकिन चोरी के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए जेवरों में करीब आधे जेवर नकली निकले। इसके कारण आरोपियों के हाथ अपेक्षित रकम नहीं लगी और वे कर्ज भी नहीं चुका सके।
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंच बनाई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।




