आरंग। आरंग क्षेत्र में आज सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। ग्राम उमरिया स्थित वेंकटेश्वर सिग्नेचर स्कूल के तेज रफ्तार वाहन ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन में सवार कई स्कूली बच्चे घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूल वाहन का चालक और उसका साथी दोनों शराब के नशे में थे। नशे की हालत में चालक ने वाहन को अत्यधिक गति से चलाया, जिससे नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि वाहन महासमुंद और आरंग क्षेत्र के बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था।
हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई। घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय उन्हें स्कूल परिसर ले जाया गया, जिससे परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया और शराबी चालक को वाहन सौंपकर जानबूझकर जोखिम उठाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति की जानकारी ली जा रही है। ग्रामीणों और परिजनों ने दोषी चालक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जबकि स्कूल प्रबंधन फिलहाल बयान देने से बच रहा है।
