अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले युवक की हत्या, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

कवर्धा। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में बोरी के अंदर टुकड़ों में मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि मृतक कोमल वर्मा ने गांव की एक महिला का अश्लील वीडियो बना लिया था और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इसी से परेशान होकर महिला ने अपने पति और देवर के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा 28 मई की रात घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान ग्राम सोंढा में एक बोरी के अंदर टुकड़ों में कटा हुआ शव बरामद हुआ। पहचान करने पर शव कोमल वर्मा का निकला। पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला कि घटना से पहले उसकी आखिरी बातचीत गांव की ही महिला मंदाकिनी वर्मा से हुई थी।

पूछताछ में मंदाकिनी ने बताया कि कोमल ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। घटना वाली रात भी उसने महिला को बुलाया था। इससे तंग आकर महिला ने उसे अपने घर बुलाया और सरिया मोड़ने वाले बड़े पाना से उसके सिर पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उसका पति रामस्नेही वर्मा भी जाग गया और दोनों ने मिलकर कोमल की हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को घर में छिपाकर रखा गया। अगले दिन रामस्नेही ने अपने भाई रूपेश वर्मा की मदद से शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर से ग्राम सोंढा के पास खेत में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मंदाकिनी वर्मा, उसके पति रामस्नेही वर्मा और देवर रूपेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button