छत्तीसगढ़

नगर निगम रायपुर का राजस्व पोर्टल बंद, टैक्स जमा करने वाले परेशान

रायपुर। नगर निगम रायपुर के राजस्व विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। निगम जहां एक तरफ राजस्व कोष खाली होने की बात कह रहा है, वहीं दूसरी ओर टैक्स जमा करने के इच्छुक नागरिकों को पोर्टल बंद होने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रॉपर्टी टैक्स, जल कर समेत अन्य टै्स का भुगतान फिलहाल नहीं हो पा रहा है।

जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के कई कार्य समय पर पूरे नहीं होने के कारण विभाग अब भी पुराने कामों को नए वित्तीय वर्ष 2026-27 में अपडेट करने में जुटा हुआ है। इसका सीधा असर करदाताओं पर पड़ा है। हर साल मार्च से मई तक एडवांस टैक्स जमा करने पर 5 से 7 प्रतिशत तक की छूट दी जाती है, लेकिन इस बार पोर्टल बंद होने से लोग इस सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

करदाताओं ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब लोग समय पर टैक्स जमा करने के लिए तैयार हैं, तो विभाग भुगतान की व्यवस्था तक क्यों नहीं संभाल पा रहा। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की है।

मामले में राजस्व अधिकारी जागृति साहू ने बताया कि वित्त वर्ष समाप्त होने के बाद अप्रैल तक अतिरिक्त समय दिया गया था। फिलहाल पुराने डेटा को अपडेट करने का कार्य जारी है और आगामी कुछ दिनों में पोर्टल दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मई-जून तक करीब 6.25 प्रतिशत, जुलाई से सितंबर तक 5 प्रतिशत और दिसंबर तक 4 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। वहीं मार्च के बाद टैक्स जमा नहीं करने वालों पर करीब 17 प्रतिशत ब्याज लगाया जाता है। फिलहाल नागरिकों को पोर्टल शुरू होने का इंतजार है, ताकि वे समय पर टैक्स जमा कर छूट का लाभ ले सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button