छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मार्च में ही जेठ जैसी गर्मी, दो दिन बाद बारिश और तेज हवा के आसार

रायपुर । छत्तीसगढ़ में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोगों को जेठ जैसी तपिश महसूस होने लगी है। प्रदेश के राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा।

वहीं राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और किसी प्रकार की विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

हालांकि भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 13 मार्च को बस्तर संभाग के कुछ जिलों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक झारखंड और बिहार से होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में नमी पहुंच रही है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रह सकता है, लेकिन उसके बाद चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में मार्च के मध्य में लोगों को बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button