अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

चित्रकोट सर्किट हाउस की छत पर रील बनाना पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जगदलपुर। बस्तर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। एक महिला का चित्रकोट स्थित सर्किट हाउस की छत पर चढ़कर रील बनाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, चित्रकोट सर्किट हाउस में अक्सर सरकारी अधिकारियों और वीआईपी मेहमानों का आवागमन रहता है। ऐसे में परिसर की सुरक्षा के लिए पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है। बावजूद इसके, महिला के छत तक पहुंचकर वीडियो बनाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सर्किट हाउस की छत से बनाए गए कई वीडियो साझा किए हैं। एक वीडियो में वह छत पर डांस करते हुए रील बनाती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में उसके साथ कुछ अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं।

घटना के सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि महिला और उसके साथ मौजूद लोगों को सर्किट हाउस की छत तक पहुंचने की अनुमति किसने दी। साथ ही यह भी चर्चा का विषय है कि यदि इस दौरान कोई हादसा हो जाता, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती।

फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वायरल वीडियो के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button