देश दुनियां

सरकार ने इंडिगो को रविवार शाम तक पूरा रिफंड देने का आदेश दिया

नई दिल्ली । इंडिगो की लगातार उड़ान रद्द होने से देशभर में यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। बीते पांच दिनों में एयरलाइन दो हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द कर चुकी है। इससे हजारों यात्री फंस गए हैं और कई जगहों पर सामान भी अपने मालिकों तक नहीं पहुंच पाया है।

स्थिति को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शनिवार को कड़ा निर्देश जारी किया। मंत्रालय ने कहा कि एयरलाइन सभी रद्द उड़ानों का किराया रविवार रात आठ बजे तक लौटा दे। मंत्रालय ने साफ किया कि रिफंड में देरी या नियमों का पालन न करने पर तुरंत कार्रवाई होगी।

सरकार ने यह भी कहा कि जिन यात्रियों की यात्रा रद्दीकरण से प्रभावित हुई है उनसे रीशेड्यूलिंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही इंडिगो को सहायता और रिफंड सुविधा केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। इन केंद्रों को प्रभावित यात्रियों से खुद संपर्क करने और उनकी रिफंड तथा वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था बिना बार बार अनुरोध के पूरी करने की जिम्मेदारी दी गई है।
शनिवार को ही देश के अलग अलग हवाई अड्डों पर 400 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं। मंत्रालय ने कहा कि स्वचालित रिफंड व्यवस्था तब तक जारी रहेगी जब तक संचालन स्थिर नहीं हो जाता।

यात्रियों के सामान को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि एयरलाइन अगले 48 घंटों के भीतर उन सभी यात्रियों को सामान सौंपे जिनके बैग उड़ान रद्द या देरी की वजह से अलग रह गए हैं।

सरकार के हस्तक्षेप के बाद अब नजर इस बात पर है कि इंडिगो कितनी जल्दी सामान्य संचालन में लौटता है और यात्रियों की परेशानी किस हद तक कम होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button