अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

धान खरीदी टोकन न कटने से परेशान किसान ने किया आत्महत्या का प्रयास

रायगढ़। खरसिया विकासखंड के ग्राम बकेली में धान खरीदी टोकन न कट पाने से मानसिक रूप से परेशान एक किसान ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों की सतर्कता से उसकी जान बच गई और फिलहाल उसका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार अब किसान की हालत सामान्य बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बकेली निवासी कृष्णा कुमार गबेल पिछले करीब 15 दिनों से धान खरीदी के लिए टोकन कटवाने के प्रयास में भटक रहा था। उसकी दो बड़ी बहनों के नाम पर करीब एक एकड़ कृषि भूमि दर्ज है, जिस पर वह कई वर्षों से खेती-किसानी करता आ रहा है। जमीन का पंजीयन बहनों के नाम पर होने के कारण धान खरीदी की प्रक्रिया में आधार और मोबाइल नंबर की आवश्यकता पड़ती है। इसी कारण उसने अपनी बड़ी बहन के बेटे का मोबाइल नंबर दर्ज कराया था, जिस पर टोकन के लिए ओटीपी आना था।

कृष्णा कुमार ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन कटवाने की कोशिश की, लेकिन बार-बार प्रयास के बावजूद सफलता नहीं मिली। इससे वह मानसिक रूप से बेहद तनावग्रस्त हो गया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे, जब वह परिवार के साथ घर पर था, तभी मानसिक दबाव में आकर उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी और परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल खरसिया ले गए। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने देर रात उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था और धान खरीदी प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button