
छत्तीसगढ़ से मानसून लौटा, हल्की बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ से 12 अक्टूबर को मानसून की पूरी तरह वापसी हो गई है। हालांकि, अगले 5 दिन प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसकी वजह स्थानीय मौसम प्रणालियों का असर है।
पश्चिमी असम से तेलंगाना तक ऊपरी हवा में बनी ट्रफ लाइन और साइक्लोन सर्कुलेशन के कारण कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है। आज भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने और मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से आने वाले दिनों में सुबह और रात के तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि दिन में गर्मी बनी रह सकती है।
होटल बुकिंग के नाम पर युवती से 90 हजार ठगे:गूगल से नंबर निकालकर किया था कॉल, कमरा देने के नाम पर रकम ट्रांसफर करवाई

रायपुर। जगन्नाथ पुरी में होटल बुक करने के लिए गूगल से नंबर निकालकर फोन करना रायपुर की युवती को महंगा पड़ गया। ठगों ने गूगल पर फर्जी होटल वेबसाइट बनाकर पहले कमरे की बुकिंग के लिए एडवांस लिया।
इसके बाद तकनीकी खराबी और रिफंड का झांसा देकर छह बार में 90,249 रुपए ट्रांसफर करा लिए। न होटल बुक हुआ और न ही रकम वापस मिली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
गोबरा नवापारा के सदर रोड निवासी तोषिबा सिन्हा 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने 7 अक्टूबर को जगन्नाथ पुरी यात्रा के दौरान ठहरने के लिए ऑनलाइन होटल तलाशा।
गूगल पर सर्च करने पर उन्हें ‘एसकेएस बीच होटल स्पा’ नाम की वेबसाइट मिली। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर वाट्सएप से संपर्क करने पर दो दिन के कमरे का किराया 14 हजार रुपए बताया गया।
बुकिंग के लिए 50 प्रतिशत एडवांस यानी 7 हजार रुपए क्यूआर कोड के जरिए भेजने को कहा गया।
रिफंड के नाम पर बार-बार कराया भुगतान
युवती ने 7 हजार रुपए भेजने के बाद बुकिंग की रसीद मांगी। इस पर सामने वाले ने सिस्टम में तकनीकी दिक्कत आने की बात कही और रिफंड के नाम पर दोबारा भुगतान कराने लगा। युवती को लगा कि पहले भेजी गई रकम वापस मिल जाएगी, इसलिए वह ठग के निर्देशों का पालन करती रही।
ठग ने कभी सर्वर फेल होने तो कभी एरर आने का बहाना बनाकर उससे 7,049 रुपए, दो बार 14,049 रुपए, फिर 28,099 रुपए और आखिर में 19,999 रुपए ट्रांसफर कराए। इस तरह छह ट्रांजेक्शन में युवती के खाते से कुल 90,249 रुपए निकल गए।
नंबर बंद मिला, तब ठगी का पता चला
रकम कटने के बाद भी होटल की बुकिंग नहीं हुई। युवती ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल नंबर बंद मिला। इसके बाद उसने गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीजापुर में 8-8 लाख के इनामी समेत 6 नक्सलियों ने किया आत्म समर्पण
रायपुर। बीजापुर में 35 लाख रुपए के इनामी 6 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें ओडिशा में सक्रिय 4 और पश्चिम बस्तर डिवीजन से संगठन छोड़कर भागे 2 नक्सली शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा बलों के लगातार अभियान, माओवादी संगठन के कमजोर होने और शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन्होंने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
आत्मसमर्पण करने वालों में रानी सोढ़ी उर्फ संध्या, पांडो पोड़ियम उर्फ सस्मिता, सुक्कू कुड़ियम उर्फ संतोष और कोसा माड़वी उर्फ सतीश पीपीसीएम रैंक के कैडर हैं। वहीं, देवे मड़कम उर्फ जन्नी और लालू ताती पीएम रैंक के कैडर हैं।
इनमें चार पर 8-8 लाख, एक पर 2 लाख और एक पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण कराने में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) बीजापुर, सीआरपीएफ की 170वीं बटालियन और बीजापुर पुलिस की अहम भूमिका रही। सभी कैडरों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं दी जाएंगी।
—————
6 अपचारी बालक प्लेस ऑफ सेफ्टी से फरार: गार्ड को कमरे में बनया बंधक

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक मामला सामने आया है, जहां 6 अपचारी बालक गार्ड को कमरे में बंधक बनाकर और रसोइया पर गर्म खाना फेंककर प्लेस ऑफ सेफ्टी से फरार हो गए। ऐसे में अब वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्यापरिसर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी का है। बताया जा रहा है कि बिती रात 6 अपचारी बालकों ने रसोइया पर गर्म खाना फेंक दिया और गार्ड को कमरा में बंद कर दिया, जिसके बाद सभी फरार हो गए।
घटना के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में 2 अपचारी बालकों को पकड़ लिया गया, लेकिन 4 की तलाश अब भी जारी है। इस घटना के बाद प्लेस ऑफ सेफ्टी की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है।
—————–
होटल में युवक की संदिग्ध मौत, रसोई कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

सूरजपुर। सूरजपुर के चंद्रपुर स्थित नाश्ता होटल के रसोई कमरे में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतक की पहचान सागरपुर निवासी गोलू के रूप में हुई है, वह इसी होटल में काम करता था. घटना सुबह करीब 5 बजे की है. बताया जा रहा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले शव को नीचे उतार लिया गया था.
पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर स्थित आदित्य होटल का है. मंगलवार को सुबह जब कर्मचारी होटल पहुंचे तो उन्हें रसोई कमरे में युवक का शव देखा, जिसके बाद उन्होंने संचालक को जानकारी दी. पुलिस को सूचना दी गई कि उनके होटल में काम करने वाला युवक फांसी के फंदे पर झूल गया है. इसके बाद उन्होंने पुलिस के पहुंचने से पहले ही खुद शव को नीचे उतार लिया.
मौत की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. परिवार के लोगों के लिए यह घटना बेहद चौंकाने वाली रही. नाश्ता होटल के रसोई कमरे में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर गोलू की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या घटना से पहले कुछ ऐसा हुआ था, जिसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है? फिलहाल इन सवालों के जवाब स्पष्ट नहीं हैं. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
PM रिपोर्ट में खुलेगा मौत का राज
कोतवाली थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. सभी भौतिक साक्ष्य जुटा लिए गए. वहीं शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है. युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.





