छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में शीतलहर का असर बरकरार, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

रायपुर । छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के चलते प्रदेश के अनेक इलाकों में न्यूनतम तापमान एक बार फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

हालांकि सोमवार को ठंड में हल्की कमी महसूस की गई, जिसके बाद लोगों को तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद जगी है। इसके बावजूद मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बने रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, फिलहाल पूरी तरह राहत मिलने में अभी समय लग सकता है।

मौसम विभाग ने रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर सहित 10 से अधिक जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। इनमें रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, अंबिकापुर, बस्तर, सरगुजा, बिलासपुर, जशपुर और बलरामपुर शामिल हैं। शीतलहर के कारण इन जिलों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

विभाग के मुताबिक राजधानी रायपुर में आज भी कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। हालांकि रायपुर सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन ठंड का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button