छत्तीसगढ़

हाईवा और कार की आमने-सामने टक्कर, दो कारोबारियों की मौके पर मौत

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत उड़ीसा-कुनकुरी मार्ग पर लवाकेरा के पास तेज रफ्तार हाईवा ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक कुनकुरी के रहने वाले जूता-चप्पल व्यवसायी थे। वे उड़ीसा से कार में सवार होकर कुनकुरी लौट रहे थे। इसी दौरान लवाकेरा के पास सामने से आ रहे हाईवा ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और दोनों शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही हाईवा चालक और हादसे की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button