
रायपुर में मां-बेटे की लाश मिली : 4 दिन से बंद था कमरा

रायपुर। राजधानी में किराए के मकान में रहने वाली मां और बेटे की लाश मिली है। महिला का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि बेटे की लाश बिस्तर पर मिली। कमरे का दरवाजा पिछले तीन से चार दिनों से बंद था। आसपास के लोगों को जब कमरे से बदबू आने लगी, तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे तोड़कर पुलिसकर्मी कमरे में घुसे। अंदर मां-बेटे के शव मिले। शुरुआती जांच में दोनों के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के छोटा अशोक नगर की है।
————-
ज्वेलरी दुकान से महिला ने चुराया सोने का हार

रायपुर। धनतेरस पर रायपुर में सदर बाजार हलवाई लाइन स्थित आनंद ज्वेलर्स से महिला ठग ने सोने का हार पार कर दिया। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महिला दुकान में ग्राहक बनकर आई थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
दुकान संचालक आनंद पारख के मुताबिक, महिला ने बेहद शातिर तरीके से दुकान के कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और काउंटर पर रखे सोने के हार पर हाथ साफ कर दिया। महिला ने हार अपने पास छिपा लिया और वहां से रफूचक्कर हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
जब दुकान के कर्मचारियों ने स्टॉक का मिलान किया और सोने का हार गायब पाया, तो उनके होश उड़ गए। इसके तुरंत बाद दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि किस तरह साड़ी पहनी एक महिला बड़े आराम से काउंटर के पास खड़ी होकर हार चुरा रही है।
तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है। आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जिससे महिला के आने-जाने के रास्ते का पता चल सके।
त्योहारों के सीजन से ठीक पहले इस तरह दिनदहाड़े हुई चोरी की इस घटना ने सराफा व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
——————
हाइवा की चपेट में आने से युवक की मौत:मुआवजे के लिए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

रायपुर। आरंग-भिलाई मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह हाइवा की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरंग-राजिम (नयापारा) मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। मृतक की पहचान मनोज धीवर (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज सुबह किसी काम से घर से निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण सड़क पर हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने के साथ भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की।
——-
दीपावली पर रायपुर में नहीं बिकेगा नॉनवेज: होटल-रेस्टोरेंट में भी प्रतिबंध

रायपुर। राजधानी रायपुर में दीपावली यानी 8 नवंबर को मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर रायपुर नगर निगम ने शहर के सभी मांस-मटन दुकानों और पशुवध गृहों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
यह प्रतिबंध नगर निगम के पूरे इलाके में लागू रहेगा। इसके साथ ही होटल और रेस्टोरेंट में भी नॉनवेज बेचने और परोसने पर रोक रहेगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम की टीम कार्रवाई करेगी।
महापौर के निर्देश पर जारी हुआ आदेश
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के पालन में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने यह आदेश जारी किया है। इसके तहत 8 नवंबर 2026, रविवार को पूरे नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन का विक्रय प्रतिबंधित रहेगा। शहर के सभी पशुवध गृह और मांस-मटन की दुकानें बंद रखनी होंगी।
दुकानों के साथ होटल-रेस्टोरेंट पर भी नजर
नगर निगम का यह प्रतिबंध केवल मांस-मटन की दुकानों तक सीमित नहीं रहेगा। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी मांस-मटन की बिक्री पर रोक रहेगी। महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
बेचते मिले तो मौके पर जब्त होगा मांस-मटन
नगर निगम ने साफ किया है कि 8 नवंबर को यदि कोई दुकान, होटल या अन्य प्रतिष्ठान मांस-मटन बेचते हुए पाया जाता है तो मौके पर ही सामग्री जब्त की जाएगी। संबंधित व्यक्ति, संचालक या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
निगरानी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी
प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम के जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और जोन स्वच्छता निरीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी अपने-अपने जोन में मांस-मटन की दुकानों का निरीक्षण और निगरानी करेंगे। निगम प्रशासन ने संबंधित कारोबारियों और होटल संचालकों से आदेश का पालन करने को कहा है।
———-
मातम में बदली दिवाली की खुशियां: करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, अब मां ने भी तोड़ा दम

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में शुक्रवार को करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसी महिला ने भी आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। इस घटना ने अब पूरे परिवार की दिपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया है।
बता दें कि नेहरू चौक में रहने वाले राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह घर में साफ सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए थे। चीख पुकार सुनकर बचाने पहुंची पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए थे। इस घटना में राकेश और उसके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई थी।
महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
वहीं गंभीर रूप से घायल वर्षा को जिला चिकित्सालय में प्राथमिक इलाज के बाद रायपुर रिफर किया गया था, जहां उनका निजी अस्पताल में इलाज जारी था। आज सुबह ही उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से अब पूरे इलाके और परिवार में शोक की लहर है।
इस घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया था, जिसमें साफ देखा जा सकता था कि हाईटेंशन लाइन से करंट और आग निकल रही थी। ये आग राकेश के घर की बालकनी में फैल रही थी। यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।




