छत्तीसगढ़

रायपुर में ई-रिक्शा पंजीयन अभियान शुरू

रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने ई-रिक्शा पंजीयन अभियान की शुरुआत कर दी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के नेतृत्व में बुधवार को इस विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 20 मई से 5 जून 2026 तक कुल 15 दिनों तक चलाया जाएगा। कमिश्नरेट रायपुर पुलिस द्वारा जनहित फाउंडेशन के सहयोग से तैयार किए गए ऑनलाइन पंजीयन लिंक और क्यूआर कोड सिस्टम के माध्यम से शहर में संचालित सभी ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का अनिवार्य पंजीयन किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
पुलिस विभाग ने बताया कि अब प्रत्येक ई-रिक्शा चालक को क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीयन कराना होगा। पंजीयन प्रक्रिया के दौरान चालक को अपना पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन नंबर और आरसी संबंधी जानकारी अपलोड करनी होगी। इससे सभी ई-रिक्शा और चालकों का डाटा रायपुर पुलिस के पास सुरक्षित रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से शहर में संचालित ई-रिक्शा वाहनों की वास्तविक संख्या का पता लगाया जा सकेगा। साथ ही किसी भी कानून व्यवस्था या आपराधिक मामले में संबंधित वाहन और चालक की तुरंत पहचान कर कार्रवाई करना आसान होगा।
पुलिस के अनुसार इस पंजीयन व्यवस्था से यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। यदि किसी यात्री का सामान ई-रिक्शा में छूट जाता है, तो वाहन और चालक की जानकारी उपलब्ध होने से तत्काल संपर्क कर सामान वापस दिलाने में सहायता मिलेगी। इस अभियान के तहत ई-रिक्शा चालक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से आसानी से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि 5 जून के बाद बिना पंजीयन के संचालित होने वाले ई-रिक्शा और ऑटो वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान को लेकर यातायात पुलिस अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालक संघ के साथ बैठक भी की। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त सुरेंद्र साय पैकरा, सीमा अहिरवार और सतीश ठाकुर ने चालकों को पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से यह भी बताया गया कि चालक अपने मोबाइल फोन से किस प्रकार ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। अधिकारियों ने सभी चालकों से 5 जून तक शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में ई-रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष सुरेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में चालक उपस्थित रहे। चालकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने में सहयोग देने की बात कही। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रहे ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करना जरूरी हो गया है। इस अभियान से न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था भी मजबूत होगी। फिलहाल रायपुर पुलिस द्वारा अभियान को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक चालक समय पर अपना पंजीयन करा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button