अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

चरित्र संदेह में पति ने पत्नी पर किया धारदार हथियार से हमला, महिला गंभीर

रायपुर। जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांकरा में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। चरित्र पर संदेह के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा-नेवरा में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता सत्या निषाद की शादी वर्ष 2019 में सामाजिक रीति-रिवाज से रिझन निषाद से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। 12 दिसंबर की शाम सत्या के पिता राजकुमार निषाद अपनी बेटी को उसके ससुराल छोड़कर लौट रहे थे, तभी सत्या का फोन आया। वह रोते हुए बताने लगी कि उसका पति उसे मार रहा है। सूचना मिलते ही पिता मौके पर पहुंचे, जहां सत्या के सिर से खून बह रहा था और आरोपी पति फरार हो चुका था।

पीड़िता ने बताया कि उसका पति लंबे समय से उस पर शक करता था और इसी बात को लेकर गाली-गलौज, धमकी और अंततः धारदार हथियार से हमला किया। ग्रामीणों की मदद से पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर है।

सूचना पर पहुंची तिल्दा-नेवरा पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button