छत्तीसगढ़

नारायणपुर में 12.29 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण, नगर विकास के लिए 5 करोड़ की घोषणा


नारायणपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने नारायणपुर प्रवास के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात दी।

उन्होंने एजी सिनेमा हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 12 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पालिका नारायणपुर के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप भी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार नारायणपुर को विकसित, खुशहाल और समृद्ध जिला बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने जिले के युवाओं की शिक्षा, खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि नारायणपुर के युवाओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। विशेष रूप से मलखंभ जैसे कठिन खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की उन्होंने प्रशंसा की।

उन्होंने नेशनल स्कूल ड्रामा, नई दिल्ली की प्रस्तुति “चंदा के चकोर” की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक गतिविधियां स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करती हैं। साथ ही जिले में आयोजित पांच दिवसीय करियर गाइडेंस कार्यक्रम को युवाओं के लिए लाभकारी बताते हुए रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसरों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

अरुण साव ने जानकारी दी कि प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद नारायणपुर जिले के विकास कार्यों के लिए अब तक 307 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 32 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किए गए हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में जिले को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नारायणपुर को मॉडल नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नगरीय निकाय क्षेत्र में 120 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। वहीं विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 23 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक लाइब्रेरी भवन का भूमिपूजन किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को भी शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कृषि विभाग ने पांच किसानों को किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत बोर खनन एवं पंप स्थापना के लिए 1.99 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उद्यानिकी विभाग द्वारा दो किसानों को बागवानी विकास के लिए 3.85 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मत्स्य पालन विभाग ने तीन हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल उपलब्ध कराए।

उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा विभाग के स्टॉल में विद्यार्थियों को स्वयं लैपटॉप वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button