अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

रायपुर में ED की बड़ी कार्रवाई, बिल्डर राकेश सरावगी के ठिकानों पर छापेमारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाने-माने बिल्डर और कारोबारी राकेश सरावगी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई जय कॉर्प लिमिटेड से जुड़े करीब 2,434 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई।

ED ने देशभर में एक साथ 30 से अधिक ठिकानों पर रेड मारी, जिसमें रायपुर के कचना क्षेत्र स्थित आनंदम वर्ल्ड सिटी में सरावगी का कार्यालय भी शामिल है।

सूत्रों के अनुसार, ED की टीम दो वाहनों में मौके पर पहुंची थी, जिसमें करीब पांच अधिकारी और पांच सुरक्षाकर्मी शामिल थे। अचानक हुई कार्रवाई से आनंदम सिटी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अधिकारियों ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की और दस्तावेजों, फाइलों व डिजिटल डेटा की गहन जांच शुरू की। सरावगी का कार्यालय आनंदम सिटी के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के तीसरे माले में स्थित है, जहां से उनकी रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर फर्म ‘गोल्डन ब्रिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर’ का संचालन होता है।

ED की कार्रवाई का उद्देश्य जय कॉर्प लिमिटेड से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और धन शोधन से संबंधित तथ्यों को खंगालना बताया जा रहा है। हालांकि, एजेंसी की ओर से फिलहाल किसी गिरफ्तारी या आधिकारिक पुष्टि की जानकारी नहीं दी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रारंभिक चरण में है और जब्त दस्तावेजों व डिजिटल रिकॉर्ड के विश्लेषण के बाद ही आगे की कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button