छत्तीसगढ़

सूरजपुर में 16 अगस्त से पहुंचेगी लाइफलाइन एक्सप्रेस, विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे निःशुल्क जांच और सर्जरी

रायपुर/सूरजपुर। प्रदेश में जरूरतमंद नागरिकों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना के तहत सूरजपुर जिले के विश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 पर संचालित होगा, जहां प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आवश्यकता अनुसार मरीजों की जांच के साथ निःशुल्क सर्जरी भी की जाएगी।

विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मिलेंगी कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं

शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी, कान की जांच एवं सर्जरी, कटे-फटे होंठ एवं जलने से उत्पन्न विकृतियों के लिए प्लास्टिक सर्जरी, दंत जांच एवं उपचार तथा महिलाओं के लिए स्तन एवं सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच एवं आवश्यक सर्जरी भी पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी।

उपचार की समय-सारिणी

  • आंखों की ओपीडी: 16–21 अगस्त
  • मोतियाबिंद सर्जरी: 17–22 अगस्त
  • कान की ओपीडी: 22–27 अगस्त
  • कान की सर्जरी: 23–28 अगस्त
  • मुड़े हुए हाथ-पैर एवं प्लास्टिक सर्जरी ओपीडी: 28–31 अगस्त
  • सर्जरी: 29 अगस्त–1 सितंबर
  • दंत जांच एवं उपचार: 1–5 सितंबर
  • स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग: 16–21 अगस्त

जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा शिविर के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर उनका पंजीयन कराने और शिविर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का अधिकतम लाभ उठाएं। शिविर में आने वाले मरीजों को आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। भर्ती मरीज के साथ केवल एक सहयोगी को रहने की अनुमति होगी।

अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए 7039673973 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button