छत्तीसगढ़

तालाब में युवती का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर जांच शुरू

अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखना गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बीच स्थित तालाब में एक अज्ञात युवती का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने तालाब में शव तैरता देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवती की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा

पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही शव की शिनाख्त के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इस घटना के बाद लखना गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button