छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, महासमुंद सहित कई जिलों में रेड-ऑरेंज की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब (लो प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है।
राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में झमाझम बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है और लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल तट पर बने अवदाब के कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा का दौर जारी रहेगा।
इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। हालांकि 8 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।

कई इलाकों में हुई भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। सर्वाधिक 19 सेंटीमीटर बारिश राजिम में रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा दुर्ग में 18 सेंटीमीटर, छुरा में 16, रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेंटीमीटर वर्षा हुई। गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेंटीमीटर, अर्जुन्दा में 13, लाभांडी और गुंडरदेही में 12-12 तथा भिलाई में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
कोमाखान में 10 सेंटीमीटर तथा मंदिर हसौद, डभरा, महासमुंद, बागबाहरा और अहिवारा में 8-8 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं धमतरी, धरसीवा, अभनपुर, डोंगरगढ़, गुरूर, मैनपुर, गरियाबंद, कुरूद समेत कई क्षेत्रों में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई।2026 कैलेंडर

रायपुर में आज भी भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 6 जुलाई को रायपुर में आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
25 से अधिक जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 से अधिक जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
रेड अलर्ट वाले जिले:
धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया।
इन जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं तथा भारी वर्षा की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले:
बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों पर नहीं रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button