रायपुर। नगर पालिक निगम क्षेत्र में 31 मार्च 2026 को महावीर जयंती के अवसर पर मांस-मटन की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। यह निर्णय महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर लिया गया है।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने आदेश जारी करते हुए बताया कि इस दिन शहर के सभी पशुवध गृह और मांस-मटन की दुकानों को बंद रखा जाएगा। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के पालन में की जा रही है।
आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे, ताकि प्रतिबंध का सख्ती से पालन हो सके।
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि महावीर जयंती के दिन यदि किसी होटल या दुकान में मांस-मटन की बिक्री पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ जप्ती सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
