छत्तीसगढ़

15वें वित्त आयोग की राशि को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों का विरोध प्रदर्शन

महासमुंद। 15वें वित्त आयोग की वर्ष 2025–26 की मूलभूत राशि अब तक जारी नहीं होने से जिले के पंचायत प्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को जिले के सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य एकजुट होकर जनपद पंचायत महासमुंद परिसर में एकत्र हुए।

वहां से रैली के रूप में जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

पंचायत प्रतिनिधियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि शीघ्र ही शासन को राशि आवंटन का प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि पंचायतों के विकास कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

प्रतिनिधियों का कहना है कि 15वें वित्त आयोग की राशि नहीं मिलने के कारण ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, मरम्मत कार्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। इससे पंचायती राज संस्थाओं की कार्यक्षमता पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान, सजावट, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए पंचायतों के पास कोई वित्तीय संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। जबकि पूर्व वर्षों में यह राशि 15 अगस्त या उससे पहले ही जारी कर दी जाती थी।

पंचायत प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही राशि आवंटन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button