रायपुर। राजधानी के कटोरा तालाब इलाके में वाहन चोरों ने एक ही रात में करीब 10 वाहनों को निशाना बनाया। 15 अगस्त की रात से 16 अगस्त की सुबह के बीच अलग-अलग स्थानों से वाहनों की चोरी की जानकारी सामने आई है। चोरी की कुछ वारदातें CCTV कैमरों में भी कैद हुई हैं, जिनमें संदिग्ध वाहन ले जाते नजर आ रहे हैं।
इसी दौरान कटोरा तालाब निवासी वाय गणेश की रॉयल एनफील्ड 350 इलेक्ट्रा भी चोरी हो गई। उन्होंने बाइक 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे घर के बाहर खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे सफाई के दौरान बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
चोरी हुई काले रंग की बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर CG04PA5207 है। FIR में इसकी कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने 16 अगस्त को दोपहर 3:28 बजे अज्ञात चोरों के खिलाफ BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
एक ही रात में कई वाहनों की चोरी की सूचना के बाद पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।
