अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

24 घंटे में सुलझी हत्या की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। थाना गंज क्षेत्र में युवक आशीष गरुड की हत्या के मामले का रायपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पुराने लेन-देन के विवाद के चलते युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 की रात आशीष गरुड पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान मेकाहारा अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले को हत्या में परिवर्तित कर जांच तेज कर दी।

जांच के दौरान मृतक को अंतिम बार राज नायक के साथ देखा जाना सामने आया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर राज नायक तथा प्रकाश सोना उर्फ टेरा को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि पुराने लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ने पर राज नायक ने धारदार हथियार से हमला किया था। घटना के बाद दोनों आरोपी साइकिल से फरार हो गए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी राज नायक के खिलाफ पहले से लूट, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button