छत्तीसगढ़

कबीर आश्रम दामाखेड़ा को मिली एम्बुलेंस, जनसेवा के लिए हुआ शुभारंभ

कवर्धा । पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा कबीर आश्रम दामाखेड़ा को जनसेवा हेतु समर्पित एम्बुलेंस का शुभारंभ नवोदित वंशाचार्य पंथ उदितमुनि नाम साहेब ने किया। यह कार्यक्रम उग्रनाम साहेब स्मृति संत समागम मेला, लोलेसरा के अवसर पर आयोजित हुआ।

विधायक भावना बोहरा ने संत शिरोमणि कबीर साहेब की तपोभूमि कबीर आश्रम दामाखेड़ा पहुंचकर नवोदित वंशाचार्य पंथ उदितमुनि नाम साहेब से भेंट की और आश्रम द्वारा संचालित पंथ गृन्धमुनि नाम साहेब मेमोरियल हॉस्पिटल के लिए आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एम्बुलेंस समर्पित की। इस अवसर पर एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर जनसेवा के लिए रवाना किया गया।

नवोदित वंशाचार्य पंथ उदितमुनि नाम साहेब ने विधायक भावना बोहरा के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि यह एम्बुलेंस केवल एक वाहन नहीं, बल्कि मानव सेवा, करुणा और संवेदनशीलता का प्रतीक है। दामाखेड़ा आश्रम के प्रमुख पंथ हुजुर प्रकाशमुनी नाम साहेब ने भी इस पहल की प्रशंसा की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल भी उपस्थित रहे।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि संत कबीर साहेब ने अपने वचनों में मानवता, समानता और सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया है। उन्हीं मूल्यों से प्रेरित होकर यह एम्बुलेंस जनता की सेवा के लिए समर्पित की गई है, जो आश्रम परिसर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना जीवनरक्षक सिद्ध होता है और यह सेवा जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनेगी।

उन्होंने आगे कहा कि दामाखेड़ा आश्रम द्वारा संचालित मेमोरियल हॉस्पिटल निरंतर जनसेवा में लगा हुआ है और यह एम्बुलेंस उस सेवा को और मजबूत करेगी। जनप्रतिनिधि होने का अर्थ केवल दायित्व नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान संत समाज, आश्रम प्रबंधन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button