यूनियन क्लब रायपुर की वार्षिक आम सभा संपन्न, गुरुचरण सिंह होरा फिर बने निर्विरोध अध्यक्ष
रायपुर। राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक यूनियन क्लब की वार्षिक आम सभा शनिवार को जी.एस. भांबरा की अध्यक्षता में सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में क्लब के बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान क्लब के विकास, वित्तीय प्रबंधन, भविष्य की योजनाओं और संगठन को मजबूत बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में क्लब की लीज एवं एनओसी, लंबित सदस्यता शुल्क की वसूली, बकायेदारों पर कार्रवाई, जीएसटी एवं कॉर्पोरेशन टैक्स के भुगतान, क्लब परिसर के मरम्मत एवं विकास कार्य, बार और रेस्टोरेंट के बेहतर संचालन सहित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही क्लब के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया।
2026-31 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन
आम सभा के दौरान वर्ष 2026-31 के लिए यूनियन क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। चुनाव अधिकारी समीर खान की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सर्वसम्मति से संपन्न हुई।
इस चुनाव में गुरुचरण सिंह होरा लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, जबकि डॉ. अतुल शुक्ला को सर्वसम्मति से सचिव बनाया गया। अन्य सभी पदाधिकारियों का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
अध्यक्ष ने जताया आभार
दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर गुरुचरण सिंह होरा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे यूनियन क्लब परिवार का है। उन्होंने कहा कि सदस्यों के सहयोग और विश्वास के साथ क्लब के आधुनिकीकरण, खेल सुविधाओं के विस्तार और सदस्य हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में क्लब की आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा तथा खेल, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यूनियन क्लब प्रदेश के अग्रणी क्लबों में अपनी पहचान और मजबूत कर सके।
ऐतिहासिक पहचान
मोतीबाग चौक स्थित यूनियन क्लब वर्ष 1902 से अपनी सेवाएं दे रहा है। समय के साथ क्लब ने आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया है। वर्तमान में यहां लॉन टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल और आधुनिक जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
नई कार्यकारिणी (2026–31)
अध्यक्ष
- गुरुचरण सिंह होरा
सचिव
- डॉ. अतुल शुक्ला
उपाध्यक्ष
- विजय अग्रवाल
- धर्मपाल कलश
- राज थौरानी
- सुरेश कुकरेजा
संयुक्त सचिव
- नरेश चंद्र गुप्ता
- प्रकाश कलश
- गुरिंदर पाल सिंह जुनेजा
- तरणजीत सिंह होरा
कोषाध्यक्ष
- चरणजीत सिंह ओबेरॉय
कार्यकारिणी सदस्य
- अशोक खूबचंदानी
- रविंदर विंकी दत्ता
- मंशा मेंघानी
- प्रदीप मथानी
- राजेश वासवानी
- अभिजीत मिश्रा
- अब्बास अली
- हरदीप हयर
एसोसिएट उपाध्यक्ष
- मनोज गंगवानी
- राजेश चतरथ
एसोसिएट संयुक्त सचिव
- अवतार जुनेजा
- सुनील सुराणा
- किशोर खेतपाल
एसोसिएट कार्यकारिणी सदस्य
- ऋषि कुमार बंछोर
- विजय विश्वकर्मा
- ऋषि राज सिंघानिया
- कल्याण सिंह ठाकुर
चुनाव अधिकारी: समीर खान
कार्यक्रम का संचालन रूपेंद्र सिंह चौहान ने किया, जबकि डॉ. अतुल शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया।
