छत्तीसगढ़
Trending

एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने के नाम पर 21.80 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

बैकुंठपुर। एमसीबी जिले की चिरमिरी पुलिस ने एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर 21 लाख 80 हजार की ठगी करने वाले आरोपी प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी भिलाई स्थित पाम कॅरियर कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड का संचालक है। आरोपी ने एडमिशन दिलाने के नाम पर छात्रा के पिता से अगस्त 2022 से अप्रैल 2023 के बीच अलग-अलग किश्त में रुपए लिए थे। एडमिशन नहीं होने पर उसने जब रुपए मांगे तो आरोपी ने पहले तो उसे गुमराह किया, बाद में पैसे लौटाने से इनकार कर दिया था। इसकी रिपोर्ट छात्रा के पिता ने थाने में दर्ज कराई थी।
इस संबंध में चिरमिरी पुलिस ने बताया कि आजाद नगर गोदरीपारा चिरमिरी निवासी सुनील कुमार चौरसिया ने एमबीबीएस में उसकी बेटी का एडमिशन दिलाने के नाम पर 21.80 लाख रुपए ठगी (Big fraud) करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें पीडि़त ने बताया था कि आरोपी भिलाई स्थित पाम कॅरियर कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड के संचालक प्रिंस कुमार ने उनकी बेटी का मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में एडमिशन कराने का भरोसा दिलाया था।
उसके एवज में आरोपी ने 4 अगस्त 2022 से 26 अप्रैल 2023 के बीच अलग-अलग किश्तों में चेक से कुल 21 लाख 80 हजार अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया। रकम लेने के बाद भी बेटी का एमबीबीएस (MBBS) में दाखिला नहीं हुआ। इस पर शिकायतकर्ता ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी। इस दौरान आरोपी प्रिंस कुमार ने लगातार गुमराह किया और बाद में रकम वापस करने से इनकार कर दिया था।
मामले में बैंक स्टेटमेंट सहित उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई। इस दौरान आरोपी के विरुद्ध ठगी के आरोपों की पुष्टि होने पर तलाश शुरू की गई। मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी सुनील चौरसिया को आरोपी प्रिंस कुमार ने दुर्ग बुलाकर राशि वापस करने का आश्वासन दिया और 8 लाख 50 हजार का चेक दिया था। उसने कहा था कि खाते में पैसे आएंगे तो वह चेक लगाने के लिए बोल देगा। लेकिन आरोपी ने चेक लगाने के लिए नहीं कहा, चेक करवाने पर उसके बैंक खाते में पैसे नहीं थे। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी प्रिंस कुमार के खिलाफ धारा 420 का अपराध दर्ज कर विवेचना में जुटी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button